आरोग्य सेतु ऐप को डाउनलोड कर प्रयोग करने में उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे है। वहीं, गाज़ियाबाद दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर है। प्रदेश में 30 अप्रैल तक करीब 1.22 करोड़ लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है। आरोग्य सेतु ऐप को दो अप्रैल को लॉन्च किया गया था। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के साथ सभी निजी क्रमके लिए इस ऐप को डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया है।
गौतमबुद्ध नगर जिले की आबादी 20.58 लाख है और वहां करीब 6.38 लाख लोगों ने यह एप डाउनलोड किया है। आबादी के लिहाज से 31.02 प्रतिशत यूजर्स हैं। गाज़ियाबाद में 41.75 लाख की आबादी में से करीब 6.95 लाख लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है, जो 16.67 फीसद है। मेरठ में 43 लाख की आबादी में से करीब 2.97 लाख लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। यह 6.93 प्रतिशत है। हापुड़ जिले में 16.71 लाख की आबादी में से 88,006 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। यह 5.27 प्रतिशत है। बागपत जिले में 16.27 लाख की आबादी में से 80,326 लोगों ने ऐप डाउनलोड किया। यह आबादी के लिहाज से 4.94 प्रतिशत है। बुलंदशहर में 43.69 लाख लोगों में से करीब 2.11 लाख लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। यह 4.84 प्रतिशत है। सहारनपुर जिले के 43.29 लाख लोगों में से करीब 2.01 लाख लोगों ने ऐप डाउनलोड किया है। इसका प्रतिशत 4.65 है। मुजफ्फरनगर में 35.34 लाख लोगों में से करीब 1.51 लाख लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है। इसका प्रतिशत 4.30 है। शामली में 16.40 लाख लोगों में से 61,487 लोगों ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड किया है। इसका प्रतिशत 3.75 है। लखनऊ के 57.32 लाख लोगों में से करीब 7.92 लाख ने एप डाउनलोड किया। आबादी के हिसाब से यह 13.83 प्रतिशत है।
ये भी पढ़ें:-यूपी के 19 जिले रेड ज़ोन में, जानें ग्रीन ज़ोन में हैं कौन से शहर
गौरतलब है कि आरोग्य सेतु ऐप कुल 11 भाषाओं में उपलब्ध है। यह एंड्राइड और आईओएस दोनों को सपोर्ट करता है। इस ऐप की मदद से यूजर्स को अपने आसपास कोरोना संक्रमित लोगों की जानकारी मिलती है। इस ऐप में दिया गया सिस्टम आपको यह भी बताता है कि आप कोरोना संक्रमित हैं या नहीं। साथ ही देश और विश्व में कोरोना वायरस मरीज़ों की संख्या की भी जानकारी मिलती है।