वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए हिमाचल प्रदेश में जारी कर्फ्यू के बीच एक विकलांग मज़दूर सुरेश कुमार पैदल करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर नाहन पहुंचा। मज़दूर को देखकर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपने घर जा रहा है और भूखे पेट शिमला से पैदल नाहन पहुंचा है।
शिलाई उपमंडल के कोटापाव का रहने वाला सुरेश कुमार शिमला के पंथाघाटी में मजदूरी का कार्य करता है। मज़दूर ने बताया कि शिमला से नाहन तक पहुंचने में उसे 2 दिन लगे। मज़दूर ने आगे बताया कि अभी सतौन तक का सफर लंबा है। सतौन सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में पड़ता है।
मज़दूर ने कहा कि वह बुधवार सुबह 4 बजे शिमला से चला था। सोलन होते हुए गुरुवार दोपहर को नाहन पहुंचा। मज़दूर का हाल जानकर यातायात पुलिस की टीम उसकी मदद में जुट गई है। विकलांग की एक टांग आर्टिफिशियल है। यातायात प्रभारी राम लाल चोपड़ा ने बताया कि अब सरकारी गाड़ी से युवक को उसके घर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि विकलांग के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है।